logo

लोकसभा : PM मोदी ने शायराना अंदाज में कांग्रेस समेत विपक्ष पर साधा निशाना, बोले-जनता ने आपको नकार दिया

modi_in_loksabha.jpg

दिल्ली:

राष्ट्रपति के अभिभाषण पर हुई बहस का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शायराना अंदाज में विपक्ष पर निशाना साधा। शेर सुनाया, वो जब दिन को रात कहें, तो तुरंत मान जाओ, नहीं मानोगे तो वो दिन में नकाब ओढ़ लेंगे, जरूरत हुई तो हकीकत को थोड़ा बहुत मरोड़ लेंगे, वो मगरूर हैं खुद की समझ पर बेइंतहा, इन्हें आईना मत दिखाओ, वो आईने को भी तोड़ देंगे। उनके निशाने पर कांग्रेस रही। पीएम बोले, देश की जनता आपको बार-बार नकार रही है। कांग्रेस पार्टी का अहंकार कम नहीं हो रहा है। सवाल चुनाव नतीजों का नहीं है बल्कि नीयत का है। कोरोना के समय तो कांग्रेस ने तो हद कर दी। पहले लॉकडाउन के दौरान ही इस पर राजनीति शुरू कर दी। वैक्सीन पर भी सियासत की।  योग और फिट इंडिया मूवमेंट का भी मजाक उड़ाया।

 

 

मोदी बोले, जनता कांग्रेस को नकार रही है, लेकिन इनका अहंकार कम नहीं हो रहा है। नागालैंड में आखिरी बार 1998 में कांग्रेस को वोट पड़ा था। ओडिशा में 1995 के बाद कांग्रेस को वोट नहीं मिला। गोवा में 1994 के बाद कांग्रेस की सरकार नहीं बनी। पश्चिम बंगाल के लोगों ने करीब 50 साल पहले 1972 में कांग्रेस को वोट किया था। पीएम ने कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी पर तंज कसते हुए कहा कि दादा को बीच-बीच में मौका देते रहना चाहिए क्योंकि दादा उम्र के इस पड़ाव पर भी बचपने का मजा लेते रहते हैं।

 

मोदी बोले कि आज हम ‘आजादी का अमृत महोत्सव' मना रहे हैं। सोचने का सही समय है कि आने वाले वर्षों में भारत किस तरह दुनिया में अग्रणी भूमिका निभा पाएगा। आजादी का अमृत महोत्सव अपने आप में एक प्रेरक अवसर है। उस प्रेरक अवसर और नए संकल्पों को लेकर देश जब आजादी के 100 साल मनाएगा। पीएम ने कहा कि हम सब संस्कार से, व्यवहार से लोकतंत्र के लिए प्रतिबद्ध लोग हैं और आज से नहीं, सदियों से हैं। ये भी सही है कि आलोचना जीवंत लोकतंत्र का आभूषण है। लेकिन अंधविरोध लोकतंत्र का अनादर है। कोरोना के दौरान भारत ने विश्व में अपनी पहचान एक लीडर के तौर पर बनायी है। लेकिन कांग्रेस को सिर्फ निंदा करनी है।